उत्तराखंड में हीट वेव से बचाव हेतु प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां शुरू

हीट वेव से बचाव हेतु जनपद चम्पावत में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति 

उत्तराखंड शासन, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग, देहरादून के निर्देशों के क्रम में जनपद चम्पावत में संभावित हीट वेव (लू) के प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अप्रैल से जून माह के मध्य विशेषकर मैदानी क्षेत्रों में उच्च तापमान के कारण जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूर्ण सतर्कता बरत रहा है।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में जनपद के विभिन्न नगर निकायों में हीट वेव से होने वाली संभावित क्षति को न्यूनतम करने तथा आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

इनमें नगर पालिका चम्पावत में श्री भरत त्रिपाठी, नगर पालिका लोहाघाट में श्री सौरभ नेगी, नगर पालिका टनकपुर में श्री ऋषभ उनियाल, नगर पंचायत बनबसा में श्री दीपक बुदलाकोटी तथा नगर पंचायत पाटी में श्री कमल सिंह मेहता को नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया गया है।

उक्त नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हीट वेव से बचाव एवं रोकथाम हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इसके अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों पर शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था, छायादार स्थानों की उपलब्धता तथा आमजन को लू से बचाव संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करना शामिल है। साथ ही, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे जनहानि एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को न्यूनतम किया जा सके। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *