SDRF ने किया शव बरामद
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, एक आईसर वाहन गहरी खाई में गिर गया जिसमे चालक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:04 बजे स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ को सूचना दी कि हटाल और फिडिज पुल के बीच एक वाहन खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम पोस्ट त्यूणी से आरक्षी बलवंत सिंह के नेतृत्व में तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि आईसर वाहन (UK 07CD 5049) करीब 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था। वाहन में केवल चालक सवार था, जिसकी मौत हो चुकी थी। एसडीआरएफ टीम ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाते हुए चालक के शव को खाई से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से शव को स्ट्रेचर के जरिए सड़क तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उसे जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतक की पहचान विपिन सिंह (30 वर्ष) पुत्र सोबेंद्र लाल, निवासी ग्राम भद्रासु, खरसाड़ी, मोरी, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
