उत्तराखंड में मौसम के मिजाज ने एक बार फिर करवट ले ली

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के मिजाज ने एक बार फिर करवट ले ली है, जिससे राज्य के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में तापमान का गणित पूरी तरह बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार 14 मई को भी प्रदेश के ऊंचे इलाकों में राहत मिलने की उम्मीद कम है। बीते बुधवार को बागेश्वर और उत्तरकाशी समेत कई जिलों में अचानक आई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है, वहीं दूसरी ओर फसलों और सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है।

मौसम विभाग ने आज यानी 14 मई के लिए राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में बुधवार को ही मौसम ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे, जिसका असर आज भी देखने को मिल सकता है।बद्रीनाथ और केदारनाथ की ऊंची चोटियों पर हो रही बर्फबारी ने चारधाम यात्रियों के लिए ठंड बढ़ा दी है।

पंतनगर में मौसम ने बदला मिजाज, दिनभर छाए रहे बादल

पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को पंतनगर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रहा। दिनभर आसमान में आंशिक बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में 3.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक कुल 166.2 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। बुधवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सुबह के समय आर्द्रता 77 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि दोपहर में इसमें कमी देखी गई। वहीं हवा पूर्व दिशा से लगभग 4.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार क्षेत्र में अगले कुछ घंटों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *