दिनदहाड़े गंडासों से खूनी हमला, दो गंभीर घायल, कई वाहनों में की तोड़फोड़


हरिद्वार/पथरी। आरोप है कि थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम दिनारपुर में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब आधा दर्जन से अधिक लोगों ने गंडासों से हमला कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने मौके पर खड़े वाहनों को भी निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार डांडी इब्राहिमपुर निवासी विनोद शर्मा अपनी स्कूटी से रिश्तेदारी में जा रहे थे। दोपहर करीब 12:20 बजे दिनारपुर तालाब के पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कुछ लोग प्रदीप कुमार के साथ गाली-गलौज कर रहे हैं। विरोध करने पर आरोपियों ने विनोद शर्मा पर गंडासी से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।


बताया गया है कि विनोद शर्मा को बचाने पहुंचे उनके भतीजे रजत शर्मा पर भी आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। गंडासों से किए गए वार में रजत शर्मा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दोनों घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।


आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने विनोद शर्मा की स्कूटी, रजत शर्मा की कार तथा एक नई थार गाड़ी पर भी गंडासों से कई वार कर भारी नुकसान पहुंचाया। घटना में घायल विनोद शर्मा का उपचार हरिद्वार के अस्पताल में कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल रजत शर्मा को हिमालयन अस्पताल जॉलीग्रांट, देहरादून में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।


पुलिस ने इस मामले में गुरुदेव, कुलवीर, जसकरण सिंह, मंजीत सिंह उर्फ मांगा, गुलाब सिंह, साहब सिंह और सिमरन सिंह समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस खूनी वारदात ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

दिनदहाड़े गंडासों से खूनी तांडव, दो को उतारा मौत के मुहाने पर
हरिद्वार में खौफनाक हमला: गंडासों से लहूलुहान किए दो युवक, वाहनों पर बरसाए वार
पथरी में खूनी संघर्ष: जानलेवा हमले से दहला दिनारपुर, सात नामजद पर मुकदमा
गंडासों से हमला, सड़क पर बही खून की धारा, इलाके में मचा हड़कंप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *