43 वर्षीय आशीष जैन गंगा नदी में गिरकर लापता

ऋषिकेश। उत्तराखंड घूमने आए एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब गंगा किनारे सेल्फी लेते समय एक पर्यटक तेज बहाव में बह गया। घटना ऋषिकेश के कौड़ियाला क्षेत्र की है, जहां गाजियाबाद निवासी 43 वर्षीय आशीष जैन गंगा नदी में गिरकर लापता हो गए।

गाजियाबाद और फरीदाबाद से दो मित्रों के परिवार उत्तराखंड भ्रमण पर आए थे और कौड़ियाला स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। शुक्रवार शाम दोनों परिवार होटल के नीचे गंगा घाट पर घूमने और तस्वीरें लेने पहुंचे। इसी दौरान गंगा की लहरों के साथ सेल्फी लेने की कोशिश करते समय आशीष जैन का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बह गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को उन्हें बचाने का मौका नहीं मिल सका। पत्नी और मासूम बेटी के सामने आशीष को बहते देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। होटल स्टाफ ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बछेलीखाल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को बुलाया गया। अंधेरा होने के बावजूद एसडीआरएफ की टीम ने राफ्ट के माध्यम से गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। पुलिस और रेस्क्यू टीमें लगातार नदी के बहाव वाले क्षेत्रों में तलाश कर रही हैं।

चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि लापता पर्यटक की खोज के लिए अभियान जारी है। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है और परिवार के सदस्य ऋषिकेश के लिए रवाना हो चुके हैं। आशीष जैन गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *