एक महिला के अपनी डेढ़ साल की मासूम बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में कूदने से अफरा-तफरी मच गई

बहादराबाद( हरिद्वार )। दौलतपुर के समीप रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक महिला अपनी डेढ़ साल की मासूम बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में कूद गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, अर्जुन (35), पुत्र बालेश्वर, निवासी कोटा मुरादनगर, थाना कलियर, अपनी पत्नी सविता (30) और दो बच्चों के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से सविता के मायके रायपुर दरेड़ा, थाना बहादराबाद जा रहा था। रास्ते में डीपीएस कॉलेज, दौलतपुर के पास किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई बताया जा रहा है कि विवाद के बाद सविता ने मोटरसाइकिल रुकवाई और अपनी एक वर्षीय बेटी नोनी को साथ लेकर गंग नहर में छलांग लगा दी। घटना के समय चार वर्षीय पुत्र नक्श मौके पर मौजूद था, वह सुरक्षित है।

पति के शोर मचाने पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जल पुलिस की टीम को बुलाकर गंगनहर में सर्च अभियान शुरू कराया। महिला और बच्ची का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका था। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है, जबकि जल पुलिस लगातार गंगनहर में मां-बेटी की तलाश में जुटी हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *