पहाड़ों से लेकर मैदानों तक लगातार हो रही झमाझम बारिश ने कर दिया जनजीवन अस्त-व्यस्त

भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड में मानसून का रौद्र रूप थमता नजर नहीं आ रहा है।पहाड़ों से लेकर मैदानों तक लगातार हो रही झमाझम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और मौसम केंद्र देहरादून ने राज्य के कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों का जलस्तर उफान पर है और पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन (Landslide) का खतरा मंडरा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य भर में अगले 5 दिनों तक मानसून की गतिविधि सामान्य से तेज रहने के आसार हैं. 21 से 25 अगस्त तक प्रदेश के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस को 24 घंटे मुस्तैद रहने का निर्देश जारी किया है. संवेदनशील इलाकों में बनाई गई बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

मौसम विभाग की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा. वहीं, देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल समेत कुमाऊं के सीमांत जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. मौसम विज्ञानियों ने इन इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज गर्जना के साथ तेज बौछारें पड़ने की आशंका जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *