देहरादून में सड़क हादसे में मशहूर बाइक राइडर आशु की मौत
देहरादून। सोशल मीडिया पर बाइक राइडिंग वीडियो के लिए लोकप्रिय यूट्यूबर और बाइक राइडर आशु की शुक्रवार को सहसपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। वह मूल रूप से रुड़की के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके करीब 9 लाख फॉलोअर्स होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि आशु देहरादून से करीब 18 लाख रुपये की नई बाइक खरीदकर लौट रहे थे, तभी सहसपुर थाना क्षेत्र में उनका सड़क हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
हादसा कैसे हुआ, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। सहसपुर पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। आशु सोशल मीडिया पर नियमित रूप से अपनी बाइक राइडिंग से जुड़े वीडियो साझा करते थे। उनके वीडियो युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थे। बताया यह भी जा रहा है कि हादसे से कुछ दिन पहले ही उन्होंने करीब 22 लाख रुपये की एक और सुपरबाइक खरीदी थी। पुलिस हादसे के वास्तविक कारण और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

