नवोदय नगर की बदहाली पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा
9-10 हजार परिवारों की आवाज बनी कांग्रेस, जल निकासी और सड़क दुरुस्त कराने की मांग
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के नवोदय नगर में बदहाल मुख्य मार्ग और अवरुद्ध जल निकासी व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आवाज बुलंद की। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपकर सड़क की हालत सुधारने और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी को बताया गया कि नवोदय नगर क्षेत्र में करीब 9 से 10 हजार परिवार निवास करते हैं। क्षेत्र के अधिकांश लोग नौकरी-पेशा हैं और प्रतिदिन इसी मुख्य मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क के दोनों ओर क्षेत्र का प्रमुख बाजार भी स्थित है। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति का असर आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों पर भी पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नवोदय नगर का मुख्य बाजार मार्ग पिछले दो से तीन वर्षों से जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। लोगों को सड़क से गुजरने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सड़क की बदहाली के कारण स्थानीय लोगों के साथ स्कूली बच्चों और महिलाओं को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, मुख्य मार्ग के दोनों ओर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। लंबे समय तक जलभराव रहने के कारण सड़क और अधिक क्षतिग्रस्त हो रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के हजारों परिवारों की रोजमर्रा की आवाजाही इसी मार्ग पर निर्भर है। नौकरी पर जाने वाले लोगों, स्कूल जाने वाले बच्चों, स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को खराब सड़क तथा जलभराव के कारण लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराने की मांग की।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने जल निकासी की समस्या का भी परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा मार्ग को दुरुस्त कराने के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिया।
ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी, एससी विभाग के प्रदेश कॉर्डिनेटर अक्षय नागपाल, ओबीसी विभाग के विधानसभा अध्यक्ष नंद लाल यादव, मंडलम अध्यक्ष संदीप भार्गव, ओबीसी विभाग के जिला उपाध्यक्ष मनीष पटेल, जिला उपाध्यक्ष तुषार सक्सेना, जिला सचिव वासु नौडीयाल, अंकुल गुप्ता, कृष्णा यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

