कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने हरिद्वार में आधार सेवा केंद्र का आज विधिवत शुभारंभ किया

अब आधार अपडेट के लिए नहीं जाना पड़ेगा देहरादून

हरिद्वार। हरिद्वार जिले के लाखों नागरिकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब आधार से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए देहरादून के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की ओर से हरिद्वार में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र शुरू कर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने गुरुवार को फीता काटकर केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। शुभारंभ के दौरान मंत्री मदन कौशिक ने स्वयं अपना आधार अपडेट कराया और नागरिकों को संदेश दिया कि आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए अब जिले के लोगों को दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

बच्चों का आधार अपडेट कराने की अपील

मदन कौशिक ने जनपदवासियों से विशेष रूप से 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि यूआईडीएआई की ओर से 30 सितंबर 2026 तक बच्चों का यह अपडेट पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया।

हरिद्वार, रुड़की, लक्सर और भगवानपुर के लोगों को बड़ी राहत

आधार सेवा केंद्र शुरू होने से हरिद्वार के साथ ही रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को फायदा मिलेगा। अब आधार नामांकन, मोबाइल नंबर अपडेट, फोटो अपडेट, पता परिवर्तन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट, त्रुटि सुधार और शिकायत निवारण जैसी प्रमुख सेवाएं जिले में ही उपलब्ध होंगी। इससे नागरिकों का समय, यात्रा खर्च और परेशानी दोनों कम होंगे।

आठ आधुनिक संचालन किट से लैस है केंद्र

निदेशक कुमार उज्ज्वल ने बताया कि आधार सेवा केंद्र सीधे यूआईडीएआई द्वारा संचालित किया जाता है। केंद्र को नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यहां व्हीलचेयर की सुविधा, सुगम्य शौचालय और समर्पित शिकायत निवारण व्यवस्था उपलब्ध है। केंद्र को आठ आधुनिक संचालन किटों से सुसज्जित किया गया है, जिससे आधार संबंधी सेवाएं तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर केंद्र सप्ताह के सभी दिनों में संचालित रहेगा।

ऑनलाइन भी बुक कर सकेंगे अपॉइंटमेंट

केंद्र में आधार संबंधी शिकायतों के समयबद्ध समाधान के लिए यूआईडीएआई आधार सेवा केंद्र प्रबंधक की व्यवस्था की गई है। नागरिक आधार सेवाओं के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं। अपॉइंटमेंट के लिए यूआईडीएआई के आधिकारिक पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है। शुभारंभ कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, पार्षद सत्येंद्र चौधरी, उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल, यूआईडीएआई एसीटेट मैनेजर नीतीश सैनी, ब्रांच मैनेजर गौरव राणा, सागर सिंह चौहान, सुभाष शर्मा, नागेन्द्र सिंह, सत्यपाल चौहान, यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, आधार सेवा केंद्र के कर्मचारी और सेवा प्रदाता कंपनी बीएलएस इंटरनेशनल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *