मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राम औरंगाबाद स्थित पतंजलि वेलनेस योगग्राम में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का किया शुभारंभ

योग-आयुर्वेद के साथ विज्ञान और तकनीक की शिक्षा पर जोर

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ग्राम औरंगाबाद स्थित पतंजलि वेलनेस योगग्राम में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और पतंजलि परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा के समन्वय का सशक्त केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में देवभूमि में पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् की स्थापना भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक युग से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल परंपरा में विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, चरित्र निर्माण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का बोध कराया जाता रहा है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ योग, आयुर्वेद, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का समन्वय नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा। तेजी से बदलती दुनिया में आधुनिक ज्ञान के साथ संस्कार और संतुलित जीवनशैली की शिक्षा भी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में कौशल, नवाचार, भारतीय ज्ञान परंपरा और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया गया है। उत्तराखंड में भी इसे प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता और परंपरा एक-दूसरे की विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। अपनी विरासत से जुड़कर आधुनिक ज्ञान हासिल करने वाली युवा पीढ़ी भविष्य का बेहतर ढंग से सामना कर सकती है।

उन्होंने बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा, दर्शन और संस्कृति के अध्ययन एवं शोध को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय में हिंदू अध्ययन केंद्र स्थापित किया गया है। साथ ही देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। सरकार स्टार्टअप, इनोवेशन और युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कौशल से जोड़ने पर भी काम कर रही है।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड को पर्यटन के साथ ज्ञान, योग, आयुर्वेद और अध्यात्म के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह संस्थान देश-विदेश के विद्यार्थियों के लिए योग, आयुर्वेद, ज्ञान और विज्ञान के अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में आचार्य बालकृष्ण, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक रवि बहादुर, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, संस्थान के छात्र-छात्राएं और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *