कुंभ-2027 को मिलेगी नई पहचान, सीएम धामी ने किया लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण

गंगा, हर की पैड़ी और सनातन परंपरा के प्रतीकों से सजा आधिकारिक लोगो, मधु शर्मा के डिजाइन का हुआ चयन

‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से जन-जन तक पहुंचेगा कुंभ के आगमन का संदेश

हरिद्वार। हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। इन तीनों माध्यमों के जरिए कुंभ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने के साथ श्रद्धालुओं तक आयोजन से जुड़ी जानकारियां पहुंचाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। राज्य सरकार कुंभ-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

गंगा, शिव और हरिद्वार की विरासत को समेटेगा लोगो

कुंभ के आधिकारिक लोगो में मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल और सूर्योदय की छटा के साथ शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को दर्शाया गया है। ये प्रतीक हरिद्वार की धार्मिक पहचान और सनातन परंपरा की समृद्ध विरासत को अभिव्यक्त करते हैं। लोगो का इस्तेमाल कुंभ से संबंधित प्रचार सामग्री, प्रकाशनों और डिजिटल मंचों पर किया जाएगा।

लोगो तैयार करने के लिए मेला प्रशासन ने प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयन समिति ने 13 श्रेष्ठ डिजाइनों पर विचार किया। इसके बाद जगजीतपुर, हरिद्वार निवासी मधु शर्मा के डिजाइन का चयन किया गया। इसी डिजाइन के आधार पर कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो को अंतिम रूप दिया गया।

वेबसाइट पर मिलेगी कुंभ से जुड़ी जानकारीकुंभ की आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in का भी लोकार्पण किया गया। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं और आगंतुकों को कुंभ से संबंधित प्रामाणिक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। डिजिटल माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालु भी आयोजन से जुड़ी सूचनाएं प्राप्त कर सकेंगे।

‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से गूंजेगा उत्सवसमारोह में कुंभ का आधिकारिक गीत ‘कुंभ का पर्व आ गया’ भी जारी किया गया। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से शुरू होने वाला यह गीत कुंभ के आगमन, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को स्वर देता है। हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने गीत की रचना, गायन और संगीत तैयार किया है।

लोगो, वेबसाइट और गीत के माध्यम से कुंभ की दृश्य पहचान, सूचनाओं के डिजिटल प्रसार और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। इससे हरिद्वार की धार्मिक महत्ता और कुंभ की परंपराओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री और अधिकारी रहे मौजूदलोकार्पण समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार तथा उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह सहित मेला एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *