हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक सत्संगी बाबा को मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है, जिसने अपने चेले के साथ मिलकर डॉक्टर और उसके साथियों पर जानलेवा हमला करवाया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाबा अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
घटना का पूरा मामला
यह मामला 27 अप्रैल 2026 का है, जब दाबकी कलां निवासी डॉ. सुमित कुमार अपने परिजनों के साथ कार से बहादराबाद स्थित हंस फाउंडेशन अस्पताल से लौट रहे थे। बाडीटीप के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी कार पर अचानक फायरिंग कर दी। इस हमले में कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। जांच में यह भी सामने आया कि इससे पहले 14 अप्रैल को भी डॉ. सुमित की गाड़ी पर फायरिंग की गई थी। उस दौरान गाड़ी के टायर से बुलेट भी बरामद हुई थी, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ सके थे।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए लक्सर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। भागने की कोशिश करने पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम सैनी (22 वर्ष), निवासी भिक्कमपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315 बोर का अवैध असलाह बरामद किया गया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह पिछले तीन साल से एक कथित बाबा के संपर्क में था और उसके सत्संग में जाता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच घनिष्ठता बढ़ गई। आरोपी के अनुसार, करीब 5-6 महीने पहले बाबा ने डॉ. सुमित को मारने की इच्छा जताई थी। इसके बाद 14 अप्रैल और फिर 27 अप्रैल को दोनों ने मिलकर डॉक्टर की गाड़ी पर फायरिंग की। 27 अप्रैल को उन्होंने पीछा कर चार राउंड फायर किए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं, मुख्य आरोपी सत्संगी बाबा की गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है।
