हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रानीपुर विधानसभा के केशव नगर मंडल में समाजसेवी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राव गुलफाम (निवासी सलेमपुर) को अल्पसंख्यक मोर्चा का महामंत्री नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति भारतीय जनता पार्टी हरिद्वार जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष ई. एजाज हसन तथा मंडल अध्यक्ष बिंदर पाल की सहमति से की गई है। पार्टी नेतृत्व ने राव गुलफाम की सामाजिक सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति के बाद राव गुलफाम ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने और समाज के हित में कार्य करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
राव गुलफाम ने इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा एवं रानीपुर विधायक आदेश चौहान का विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में वह संगठन की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी का माहौल है तथा अनेक लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

