चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भिड़ंत

चार बाइकों की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, छह घायल

रुड़की। पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह युवक घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे एम्स रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, देर रात चार मोटरसाइकिलें कांवड़ पटरी मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान चारों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि सभी मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की सूचना पर पिरान कलियर कोतवाली और सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने अयान (18) निवासी बिझोली, मंगलौर, राजू (24) और राजीव (18) निवासी रहमतपुर, पिरान कलियर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल आदित्य चंद्रा (25) निवासी खंजरपुर की हालत गंभीर होने पर उसे एम्स रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है। प्रारंभिक जांच में चारों बाइकों की आमने-सामने टक्कर की बात सामने आई है। हादसा किस वजह से हुआ और इसमें तेज रफ्तार या किसी की लापरवाही की भूमिका थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *