पेंट की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई

शटर काटकर दुकान में दाखिल हुए दमकलकर्मी, दो वाहनों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में निकुंज बिहार कॉलोनी के सामने स्थित पेंट की दुकान में सोमवार देर शाम अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान में रखे पेंट के डिब्बों और अन्य सामान ने आग तेजी से पकड़ ली, जिससे देखते ही देखते दुकान धुएं और आग की लपटों से घिर गई। आग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

बताया गया कि आग लगने के समय दुकान का शटर बंद था। ऐसे में दमकल कर्मियों को आग बुझाने के लिए शटर काटकर दुकान के भीतर प्रवेश करना पड़ा। इसके बाद टीम ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। पेंट और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

आग की चपेट में आने से दुकान के भीतर रखा पेंट, डिब्बे और अन्य सामान बुरी तरह जल गया। प्रारंभिक तौर पर आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन दुकान का निरीक्षण और जले हुए सामान का मूल्यांकन होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *