शुगर मिल के गोल चौराहे पर युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

तीन युवकों पर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप, दो नामजद समेत तीन के खिलाफ मुकदमा किया दर्ज

हरिद्वार।
लक्सर शुगर मिल के बाहर गोल चौराहे पर शुक्रवार दोपहर मारपीट के बाद एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले रामकेश के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर एक आरोपी ने देशी तमंचे से उसे गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को सरकारी अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर दो नामजद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अकौढ़ा कलां निवासी सुमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई रामकेश नौ अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे लक्सर शुगर मिल से बाहर निकल रहा था। जैसे ही वह गोल चौराहे पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद रितिक निवासी बहादरपुर खादर, पारस निवासी सीमली और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे घेर लिया। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

तहरीर के अनुसार, रामकेश ने जब मारपीट का कारण पूछा तो रितिक ने देशी तमंचे से उसे जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस बीच तीनों आरोपी फरार हो गए। परिजन घायल रामकेश को तत्काल लक्सर के सरकारी अस्पताल ले गए। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

दो नामजद समेत तीन के खिलाफ मुकदमा
कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि सुमित कुमार की तहरीर के आधार पर रितिक, पारस और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *