निर्माणाधीन पुलिया पर सुरक्षा इंतजाम न होने पर हुआ सड़क हादसा

एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

हरिद्वार। रुड़की के कोर कॉलेज मार्ग पर रहमतपुर में टाटा मोटर्स के पास निर्माणाधीन पुलिया से बाइक टकराने पर एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, देर रात लंढौरा निवासी अज्जू और आकाश बाइक से रहमतपुर की ओर से कोर कॉलेज जा रहे थे। टाटा मोटर्स के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुलिया से टकरा गई। हादसे में अज्जू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन पुलिया पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि मौके पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही पर्याप्त सुरक्षा संकेतक मौजूद हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। सूचना मिलने पर रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रवेज सुल्तान भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *