पॉड टैक्सी जैसी आधुनिक परियोजना के माध्यम से हरिद्वार पर्यटन के नए आयाम स्थापित करेगा

हरिद्वार। हरिद्वार में पॉड टैक्सी धर्मनगरी परियोजना के मार्ग को प्रदेश मंत्रीमंडल से मंजूरी मिलने पर मेयर किरण जैसल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक मदन कौशिक का आभार व्यक्त किया है। मेयर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार के लिए पॉड टैक्सी परियोजना के धरातल पर उतरने से हरिद्वार की यातायात व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप मिलेगा और शहरवासियों के साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन की बेहतर, सुगम एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि पूरे साल लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक हरिद्वार आते हैं। पॉड टैक्सी परियोजना के शुरू होने से न केवल यातायात के दबाव को कम करने और जाम की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी, बल्कि हरिद्वार के पर्यटन को भी एक नई पहचान और नई गति मिलेगी। पॉड टैक्सी जैसी आधुनिक परियोजना के माध्यम से हरिद्वार पर्यटन के नए आयाम स्थापित करेगा। हरिद्वार की पर्यटन क्षमता का विस्तार होगा और शहर की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और मजबूत होगी। इस परियोजना का लाभ केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगा।

पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होने से स्थानीय व्यापारियों, होटल एवं धर्मशाला संचालकों, दुकानदारों, छोटे व्यवसायियों, परिवहन से जुड़े लोगों तथा अन्य रोजगारपरक क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा। स्थानीय व्यापार को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *