बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी

बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्ट्री से उठती लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एचपीएम इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड नामक फैक्ट्री में पंखों से जुड़े उपकरणों का निर्माण किया जाता है। देर रात फैक्ट्री परिसर से धुआं और आग की लपटें निकलती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। वहीं रानीपुर पुलिस चौकी की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए कई घंटों की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया।

आग की इस घटना में फैक्ट्री परिसर में रखा कच्चा माल, मशीनरी और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे कंपनी को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के समय फैक्ट्री में ज्यादा कर्मचारी मौजूद नहीं थे, जिससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *