सात दिन की एक नवजात बच्ची मिलने से हरिद्वार क्षेत्र में सनसनी

रोने की आवाज सुनकर रुके राहगीर, समाजसेवी ने गोद में उठाकर पुलिस को दी सूचना

हरिद्वार। भगत सिंह चौक के समीप कूड़े के ढेर में करीब सात दिन की एक नवजात बच्ची मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कूड़े के ढेर से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर राहगीर रुक गए। नजदीक जाकर देखा तो मासूम रोते-बिलखते मिली। बच्ची को इस हालत में देख लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।

जानकारी के अनुसार, भगत सिंह चौक के पास कूड़े के ढेर में बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। राहगीरों ने पास जाकर देखा तो वहां नवजात बच्ची पड़ी थी। इस दौरान समाजसेवी वंदना गुप्ता ने बच्ची को गोद में उठाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है।

कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि बच्ची की उम्र करीब सात दिन बताई जा रही है। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके माता-पिता की पहचान करने और उसे कूड़े के ढेर में छोड़ने वाले का पता लगाने के लिए जानकारी जुटा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *