हरिद्वार 5 अप्रैल।
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की दो दिवसीय राष्ट्रीय साधारण सभा का समापन संपन्न हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरित इस संगठन की बैठक में देशभर से आए प्रतिनिधियों ने उपभोक्ता अधिकारों, संगठन की भूमिका और सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर शांतिकुंज के व्यवस्थापक श्री योगेन्द्र गिरि ने कहा कि राष्ट्र के समग्र विकास के लिए सकारात्मक सोच रखने वाले जागरूक नागरिकों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि अखिल विश्व गायत्री परिवार समाज में नैतिक मूल्यों, सद्विचार और संस्कारों के प्रसार हेतु निरंतर सक्रिय है। उन्होंने पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके सिद्धांत परिवार, समाज और राष्ट्र के संतुलित विकास का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण भाई शाह, उपाध्यक्ष आशा सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने उपभोक्ता जागरूकता, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक उत्तरदायित्व को संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल बताया तथा भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
दो दिनों तक चले इस आयोजन के दौरान ‘ग्राहक दृष्टि’ नामक पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। सभा में उत्तर प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, दिल्ली, कर्नाटक, सहित विभिन्न राज्यों से आए लगभग 250 से अधिक सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह आयोजन उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में जिम्मेदार नागरिकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में उभरकर सामने आया।
