कार से भिड़ी बाइक, पति की मौत, पत्नी और मासूम बेटी घायल
हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र के 4.2 फ्लाईओवर पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हरिद्वार से नजीबाबाद जा रहे बाइक सवार मुनीर (30) की बलेनो कार से आमने-सामने की टक्कर में मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी इकरा (21) और दो वर्षीय बेटी अहनिया घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुनीर को मृत घोषित कर दिया। पत्नी और मासूम बेटी को सामान्य चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बलेनो कार नजीबाबाद से हरिद्वार आ रही थी, जबकि बाइक हरिद्वार से नजीबाबाद की ओर जा रही थी। 4.2 फ्लाईओवर पर दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतक मुनीर ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सराय गांव के निवासी थे। वह अपनी पत्नी और मासूम बेटी के साथ सफर पर निकले थे। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

