पुराने भवन की जगह नया विद्यालय भवन बनाने की दिशा में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पहल करते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी को प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए

डीएम मयूर दीक्षित ने मांगा निर्माण का प्रस्ताव, बच्चों से गणित के सवाल पूछकर परखी शिक्षा की गुणवत्ता

हरिद्वार। हरिद्वार के अपर रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के दिन बहुरने की उम्मीद जगी है। पुराने भवन की जगह नया विद्यालय भवन बनाने की दिशा में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पहल करते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी को प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विद्यालय में खेल मैदान की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों के तहत जिलाधिकारी ने गुरुवार को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर शिक्षण व्यवस्था, बच्चों की पढ़ाई और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछे और गणित के प्रश्न हल करवाकर उनकी शैक्षणिक समझ को परखा। बच्चों के सही जवाब देने पर डीएम ने उनका उत्साहवर्धन किया और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि की सराहना की।

नया भवन और खेल मैदान, बच्चों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की स्थिति का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद को पुराने भवन के स्थान पर नया भवन बनाने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में खेल मैदान की जरूरत को भी रेखांकित किया। उनका कहना था कि पढ़ाई के साथ खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी है। खेल गतिविधियों से उनमें अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित होता है।

किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा पर जोर

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शिक्षिकाओं को निर्देश दिए कि बच्चों को किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए व्यावहारिक शिक्षा भी दी जाए, ताकि वे सीखी गई बातों को दैनिक जीवन में इस्तेमाल कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि बच्चों में समझ, तार्किक क्षमता और रचनात्मक सोच विकसित करना भी है।

डीएम ने कहा कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विकास के साथ शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद, प्रधानाध्यापिका सपना रानी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, विद्यालय की शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *