हत्या के प्रयास मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने पीड़ित परिवार से मिलकर दिया निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा, परिजनों ने जताया पुलिस पर विश्वास
हरिद्वार/पथरी, 08 जून 2026। थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम दिनारपुर में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। हत्या के प्रयास के मुकदमे में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार 06 जून 2026 को ग्राम डांडी इब्राहिमपुर निवासी विनोद शर्मा ने थाना पथरी में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उन पर और उनके परिजनों पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना पथरी पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पथरी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद 08 जून 2026 को पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के कथित मास्टरमाइंड गुरुदेव सिंह पुत्र मुख्तयार सिंह निवासी ग्राम दिनारपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस बीच थाना पथरी के थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार चल रहे सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।
पीड़ित परिवार ने भी पुलिस प्रशासन पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें कानून और पुलिस की कार्रवाई पर पूरा विश्वास है तथा उन्हें उम्मीद है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
पुलिस के अनुसार मामले में फरार चल रहे करीब आधा दर्जन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
दर्ज मुकदमा: मु.अ.सं. 285/26
धाराएं: 190, 191(2), 191(3), 115(2), 351(2), 352, 109 बीएनएस
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक बबलू चौहान
कांस्टेबल नारायण सिंह
कांस्टेबल राकेश नेगी
हत्या के प्रयास मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी

