अवैध शराब की तस्करी और बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग ने की बड़ी कार्रवाई

स्कूटी से 48 क्वार्टर व्हिस्की और 24 कैन बियर बरामद

देहरादून। अवैध शराब की तस्करी और बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला आबकारी अधिकारी देहरादून पी. सिंह के निर्देशन में आबकारी निरोधक क्षेत्र-3 ऋषिकेश की टीम ने थाना रायवाला क्षेत्र में अवैध शराब ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर की सूचना मिली थी। सूचना पर 22 अक्टूबर 2026 को सुबह लगभग 9:37 बजे तीन पानी फलाईओवर के समीप एक सफेद रंग की स्कूटी, पंजीयन संख्या UK07AE6128, को रोका गया।

वाहन की तलाशी में स्कूटी के पायदान पर रखे बैग से 48 क्वार्टर इंपीरियल ब्लू व्हिस्की और 24 कैन ट्यूबर्ग बियर बरामद हुई। आरोपी की पहचान शिवम पुत्र नरेश, निवासी बाजिदपुर, थाना शेरकोट, जनपद बिजनौर, के रूप में हुई है। आबकारी टीम ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर शराब परिवहन में प्रयुक्त दोपहिया वाहन भी जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। विभाग ने बताया कि अवैध शराब की आपूर्ति और तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रखी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *