पुलिस शिनाख्त में जुटी टीम
हरिद्वार। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में नहर किनारे एक व्यक्ति का गला कटा शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मंगलौर कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह मेहर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं। वहीं, घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और मामले की गहनता से जांच के निर्देश दिए। पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। नहर किनारे शव मिलने की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

