5 माह की मासूम गौरी का अपहरण

बच्चे की तलाश में जुटी पुलिस, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल

हरिद्वार के रोडीबेलवाला क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां महज 5 माह की मासूम बच्ची गौरी को अज्ञात लोग उसके माता-पिता के पास से सोते समय कथित रूप से उठा ले गए। घटना के बाद से बच्ची के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अपनी बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए हरिद्वार पुलिस से गुहार लगा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची के पिता पुष्पेंद्र तथा माता सोनम निवासी ग्राम सराय आलमपुर, थाना संभल, जनपद संभल (उत्तर प्रदेश) अपनी पुत्री गौरी के मुंडन संस्कार के लिए हरिद्वार आए थे। परिवार 25 मई को हरिद्वार पहुंचा तथा 26 मई को नीलकंठ महादेव दर्शन के लिए गया। वहां से लौटने के बाद बच्ची का मुंडन संस्कार संपन्न कराया गया।

बताया गया है कि मुंडन संस्कार के बाद परिवार रोडीबेलवाला स्थित घाट पर एक पेड़ के नीचे रात्रि लगभग 10 बजे विश्राम करने लगा। देर रात सभी की आंख लग गई। पीड़ित पिता का कहना है कि सुबह तड़के जब उनकी आंख खुली तो उनकी 5 माह की पुत्री गौरी वहां मौजूद नहीं थी। काफी देर तक आसपास तलाश करने के बावजूद बच्ची का कोई पता नहीं चल सका।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि सुबह उठने पर उनका सिर भारी महसूस हो रहा था और उन्हें आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघाया गया हो। हालांकि इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। रोडीबेलवाला चौकी प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने सहित विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।

मासूम गौरी की बरामदगी को लेकर माता-पिता की उम्मीदें अब हरिद्वार पुलिस पर टिकी हुई हैं। बच्ची के माता-पिता का कहना है कि उन्हें विश्वास है कि एक दिन उनकी बेटी सकुशल वापस उनकी गोद में लौटेगी। इसी उम्मीद में पीड़ित परिवार अभी भी रोडीबेलवाला क्षेत्र में डेरा डाले हुए है और अपनी बेटी की वापसी का इंतजार कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है तथा बच्ची की जल्द से जल्द बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *