मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर के उद्यान में 17 प्रजातियों के ट्यूलिप उगाने की मुहिम का शुभारंभ करते हुए सपरिवार ट्यूलिप के बल्ब रोपे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास परिसर में चार हजार ट्यूलिप बल्ब रोपे जा रहे हैं, जिनमें लेक पर्पल एवं बाईकलर जैसी आकर्षक और विशेष रंगत वाली प्रजातियाँ भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुष्प उत्पादन और बागवानी राज्य की आर्थिकी को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने उद्यान विभाग को ट्यूलिप के व्यवसायिक उत्पादन की ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए नवाचार और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित से ट्यूलिप उत्पादन की प्रक्रिया, जलवायु अनुकूलता और संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री आवास परिसर में चल रहे मशरूम उत्पादन, मौनपालन एवं अन्य बागवानी गतिविधियों की भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि राज्य में बागवानी, पुष्प उत्पादन और सहायक गतिविधियाँ स्वरोजगार और किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन सकती हैं। सरकार इन क्षेत्रों में नई संभावनाओं को तलाशते हुए किसानों को तकनीकी सहयोग और प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
