तीन नकाबपोश बदमाशों ने छीने पांच हजार रुपये और मोबाइल
बाइक पर जबरन बैठाकर सुनसान रास्ते पर ले गए बदमाश, मारपीट कर ट्यूबवेल के पास फेंका
हरिद्वार। लक्सर सुल्तानपुर के हनुमान चौक पर खड़े एक युवक को तीन नकाबपोश बदमाश जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए। आरोप है कि सुनसान रास्ते पर युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज कर बदमाशों ने पांच हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी युवक को फुलगढ़-शिवगढ़ रोड पर आम के बाग के आगे पानी की ट्यूबवेल के पास धक्का देकर छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
शिवगढ़ गांव निवासी अनुज पुत्र गजे सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एक नवंबर की रात किसी आवश्यक कार्य से सुल्तानपुर आया था। रात करीब 10.30 बजे वह घर लौटने के लिए हनुमान चौक पर खड़ा था। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे। तीनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। आरोप है कि उन्होंने अनुज को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और सुनसान रास्ते की ओर ले गए।
पीड़ित के अनुसार, रास्ते में तीनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। इसके बाद उससे पांच हजार रुपये और सैमसंग ए-36 5जी मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे फुलगढ़-शिवगढ़ रोड पर आम के बाग के आगे स्थित पानी की ट्यूबवेल के पास धक्का देकर गिरा गए और फरार हो गए।
अनुज ने बताया कि घटना के बाद से वह भयभीत है और उसे अपनी जान-माल का खतरा बना हुआ है। दो नवंबर को उसने कोतवाली लक्सर पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लूटी गई नकदी व मोबाइल बरामद कराने की मांग की।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।


