जेल प्रशासन में जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी से हड़कंप

फोन और व्हाट्एप मैसेज से मचा हड़कंप

पत्नी को जेल में फोन समेत गैर-कानूनी सुविधाएं दिलाने का दबाव, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार। जिला कारागार हरिद्वार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। धमकी फोन कॉल और व्हाट्एप मैसेज के जरिए दी गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मामले में धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान जेल में निरुद्ध एक महिला बंदी के पति हिमांशु चड्ढा के रूप में बताई जा रही है। आरोप है कि वह अपनी पत्नी को जेल के भीतर फोन कॉल समेत अन्य गैर-कानूनी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जेल अधिकारियों पर दबाव बना रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक को जान से मारने की धमकी दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सर्विलांस और साइबर सेल की सहायता से धमकी देने वाले व्यक्ति की लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। वहीं, धमकी के बाद जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *